राजस्थान की श्री गंगानगर लोकसभा सीट पर बीजेपी की प्रियंका बालन और कांग्रेस के कुलदीप इंदौरा में एकतरफा मुकाबला हो रहा है। पाकिस्तान, पंजाब और हरियाणा की सीमा पर स्थित गंगानगर में बीजेपी की प्रचंड लहर देखने को मिल रही है। प्रियंका बालन और कुलदीप इंदौरा में हार जीत का अंतर छह लाख से ज्यादा हो तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए।

बीजेपी ने पांच बार के सांसद निहाल चंद मेघवाल का टिकट काट कर प्रियंका बालन को उम्मीदवार बनाया है। अनूपगढ़ की रहने वाली प्रियंका इस समय अनूपगढ़ नगर परिषद की प्रधान है। एमबीए तक शिक्षित प्रियंका के पति प्रिंस नागपाल गिरदावर है। प्रियंका 2013 से राजनीति में सक्रिय है। प्रियंका युवा मोर्चा की प्रदेश उप प्रधान रह चुकी है। इस समय प्रियंका बालन बीजेपी की प्रदेश मंत्री के पद पर है। अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाली प्रियंका का सामान्य वर्ग के प्रिंस नागपाल से प्रेम विवाह हुआ है। कांग्रेस के उम्मीदवार कुलदीप इंदौरा का संबंध राजनीतिक परिवार से है। कुलदीप के पिता हीरा लाल इंदौरा राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके है। कुलदीप इंदौरा इस समय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव है। उनकी पत्नी अनूपगढ़ नगर परिषद की प्रधान रह चुकी है। कुलदीप इंदौरा दो बार अनूपगढ़ विधान सभा का चुनाव हार चुका है। वर्तमान में कुलदीप इंदौरा जिला प्रमुख के पद पर है।

कुलदीप इंदौरा को अनूपगढ़ को जिला बनाने का श्रेय दिया जाता है। लेकिन गंगानगर जिले में होने के बाद भी अनूपगढ़ बीकानेर लोकसभा सीट का हिस्सा है। श्री गंगानगर जिले की आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर कांग्रेस का कब्जा है। कुलदीप इंदौरा को इस तथ्य से काफी ज्यादा होंसला है। किसान आंदोलन के चलते भी माहौल को बीजेपी के खिलाफ माना जा रहा है। प्रियंका बालन को मोदी की लहर पर भरोसा है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवारों को किसानों और सिख मतदाताओं के जिस विरोध का सामना करना पड़ रहा था, वह लोकसभा चुनाव में देखने को नहीं मिल रहा। 

श्री गंगानगर लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। शुरू से मेघवाल प्रत्याक्षी गंगानगर से चुनाव जीतते रहे है। लेकिन इस बार बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही गंगानगर से गैर मेघवाल उम्मीदवार पर दांव लगाया है। बीजेपी ने 28 साल बाद निहाल चंद मेघवाल का टिकट काटा है। इस दौरान निहाल चंद ने सात चुनाव लडे और पांच में जीत हासिल की। अभी तक हुए 17 लोकसभा चुनाव में दस बार कांग्रेस को जीत मिली है। पांच बार निहाल चंद ने गंगानगर की सीट बीजेपी की झोली में डाली। एक बार गंगानगर से जनता पार्टी और एक बार जनता दल को कामयाबी मिली है।

राजस्थान में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। गंगानगर लोकसभा सीट में गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की आठ विधानसभा आती है। राजस्थान में एक बार फिर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की प्रचंड लहर है। मतदाताओं के भारी समर्थन को देखते हुए प्रियंका बालन के छह लाख मतों के रिकार्ड अंतर से जीत के दावे किए जा रहे है। ऐसे में प्रियंका बालन गंगानगर से लोकसभा में पहुंचने वाली पहली महिला होंगी।