दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल के पकड़े जाने के बाद सुनीता केजरीवाल आम आदमी पार्टी की मजबूरी बन गई है। दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में आधा दर्जन से भी ज्यादा नाम शामिल है। लेकिन सहमति सिर्फ सुनीता केजरीवाल के नाम पर ही बन पा रही है। दूसरी तरफ दिल्ली की कोर्ट ने के कविता के ईडी रिमांड की अवधि बढ़ा कर अरविंद केजरीवाल को मुश्किल में डाल दिया है।

अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया। आतिशी सिंह, सौरभ भारद्वाज, राघव चढ्ढा, गोपाल राय समेत आधा दर्जन आप विधायक मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल है। आतिशी सबसे ज्यादा पढ़ी लिखी विधायक है। उसने आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से डबल मास्टर किया है। राघव चढ्ढा अरविंद केजरीवाल के सबसे ज्यादा करीब है। लेकिन मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे राजनीति से अनजान अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को माना जा रहा है।

अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद पार्टी टुकड़ों में बंट चुकी है। यहीं कारण है कि शुरू से ही जेल से सरकार चलाने की बात कही जा रही थी। सभी को मालूम है कि जेल से सरकार चलाना संभव नहीं है। लेकिन पार्टी में कोई नेता दूसरे को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना नहीं चाहता। लिहाजा सिर्फ सुनीता केजरीवाल के नाम पर ही सहमति बन रही है।

सुनीता की शादी अरविंद केजरीवाल से 1995 में हुई थी । दोनों मैसूर में एकसाथ पढ़ते थे। सुनीता के एक बेटी हर्षिता और एक बेटा पुलकित है। सुनीता 1993 बेच की भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी थी। अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद 2016 में सुनीता ने वीआरएस ले लिया था। सुनीता ने 22 साल तक आयकर विभाग की नौकरी की थी। उसके बाद से वह घर चला रही थी। पता चला है कि पिछले कुछ समय से उसे मुख्यमंत्री के काम करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही थी।

इस बीच दिल्ली की अदालत ने के कविता के ईडी रिमांड की अवधि 26 मार्च तक बढ़ा कर अरविंद केजरीवाल को मुश्किल में डाल दिया है। अरविंद केजरीवाल पहले ही 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में है।ईडी दोनों को आमने सामने बिठा कर पूछताछ करेगी जिससे शराब घोटाले के कई राज खुल सकते है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने के कविता को जमानत देने से मना कर दिया था।सुप्रीम कोर्ट ने कविता को जमानत के लिए ट्रायल कोर्ट जाने कि सलाह दी। ईडी रिमांड बढ़ने के बाद कविता ने पत्रकारों से बात करते हुए चुनाव के समय इतनी ज्यादा गिरफ्तारियों पर एतराज जताया। कविता ने चुनाव आयोग से इस संबंध में दखल देने की मांग भी की।